5 जून 2020 - 17:18
डोनल्ड ट्रम्प ने इशारों में प्रदर्शनकारियों को कहा आतंकवादी तो मच गया बवाल, अब समय आ गया है कि ट्रम्प से उनकी हरकतों का जवाब तलब

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को ट्वीटर पर एक पत्र शेयर किया जिसमें वाइट हाउस के पास पार्क में बलपूर्वक तितर बितर किए जाने वाले प्रदर्शनकारियों को आतंकवादी कहा गया है।

यह पत्र एक वरिष्ठ वकील जान डाउड का है जो पूर्व रक्षा मंत्री जेम्ज़ मैटिज़ को लिखा गया है और इस पत्र में मैटिज़ पर तेज़ प्रहार किया गया है।

डाउड ने अपने इस पत्र में लिखा है कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक प्रदर्शन नहीं कर रहे थे और यह वास्तविक प्रदर्शनकारी भी नहीं हैं। उन्होंने कोई साक्ष्य दिए बिना लिखा कि यह सब आतंकवादी हैं जो नफ़रत से भरे लोगों को इस्तेमाल करके हिंसा और तबाही फैला रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों को आतंकी कहे जाने पर अमरीका में बहस शुरू हो गई है। सीएनएन ने वाइट हाउस से इस बारे में टिप्पणी करने को कहा तो वाइट हाउस से कोई जवाब नहीं दिया गया।

इस पत्र पर आधुनिक सैनिक एसोसिएशन एलजीबीटीक्यू ने एक बयान जारी करके कहा है कि हम इसकी निंदा करते हैं।

वायु सेना की वरिष्ठ अफ़सर जेनीफ़र डेन ने कहा कि ट्रम्प ने बहुत गंभीर लाइन पार कर दी है इसकी कांग्रेस के हर सदस्य की ओर से निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को आतंकवादी बताने वाले पत्र को प्रमोट करना उस शपथ का हनन है जो ट्रम्प ने ली थी। अब समय आ गया है कि ट्रम्प से उनकी हरकतों पर जवाब तलब किया जाए।

ट्रम्प प्रदर्शनकारियों के मामले में अपने अब तक के रवैए को बिल्कुल उचित बताते हैं उनका कहना है कि सेना की तैनाती में भी कोई बुराई नहीं है। ट्रम्प ने ट्वीट किया कि समस्या नीची उड़ान भरने वाले हेलीकाप्टर नहीं बल्कि बदमाश, लुटेरे, अपराधी और अराजक तत्व हैं जो देश को तबाह कर देना चाहते हैं।